Uncategorized
Trending

महर्षि दयानन्द सरस्वती: विचारों की चेतना और आधुनिक युग में प्रासंगिकता

आज के आधुनिक युग में जब विज्ञान चाँद और मंगल पर पहुँच गया है, AI ने इंसान की तरह सोचना शुरू कर दिया है, तब एक सवाल उठता है – क्या हमें पुराने विचारों की जरूरत है? इसका उत्तर है – हाँ, महर्षि दयानन्द सरस्वती जैसे विचारकों की जरूरत आज और भी ज्यादा है। महर्षि दयानन्द ने 150 साल पहले जो कहा था – “वेदों की ओर लौटो” – उसका अर्थ केवल किताबों की ओर लौटना नहीं था, उसका अर्थ था – सत्य की ओर लौटो, तर्क की ओर लौटो, विवेक की ओर लौटो।
आज उनके विचार क्यों प्रासंगिक हैं? अंधविश्वास के विरुद्ध आज विज्ञान का दीपक जलाना जरूरी है। आज भी हमारे समाज में पाखंड, बाबाओं का जादू, जात-पात, छुआछूत, बलि-प्रथा जैसी कुरीतियाँ हैं। सोशल मीडिया पर झूठा चमत्कार दिखाकर लोग ठगे जा रहे हैं। महर्षि ने कहा था – किसी भी बात को आँख बंद करके मत मानो, उसे वेद, तर्क और विज्ञान की कसौटी पर कसो। यही तो आज का Scientific Temper है, जिसकी बात हमारा संविधान भी अनुच्छेद 51A में करता है। शिक्षा और नारी सम्मान समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए अति आवश्यक है।
महर्षि ने 1875 में आर्य समाज बनाकर कहा – लड़का और लड़की दोनों को पढ़ाओ। उस समय बाल विवाह और सती प्रथा थी। आज भी बेटियों को स्कूल से रोकना, दहेज के लिए मारना, क्या यह आधुनिक समाज है? महर्षि ने नारी को देवी नहीं, बराबर का साथी माना। आज जब हम बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कहते हैं, तो वह महर्षि के सपने की ही पूर्ति है। पर्यावरण संरक्षण वैदिक जीवन का प्रमुख अंग है। वेदों में कहा है – “माता भूमि: पुत्रो अहं पृथिव्या:” – धरती मेरी माता है। महर्षि ने यज्ञ का अर्थ समझाया – यज्ञ केवल आग नहीं, पर्यावरण शुद्धि है। आज जब ग्लोबल वार्मिंग, प्लास्टिक प्रदूषण, पानी का संकट है, तब वैदिक जीवन शैली – कम खाओ, सादा जीवन, पेड़ लगाओ, पानी बचाओ – ही समाधान है।सामाजिक समरसता राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अनिवार्य है। महर्षि ने जातिवाद को वेद-विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा – जन्म से नहीं, कर्म से वर्ण बनता है। आज भी हम जाति के नाम पर वोट माँगते हैं, शादी में जाति देखते हैं। क्या यह विकास है? महर्षि का संदेश था – सब मनुष्य आर्य (श्रेष्ठ) बनो, भेदभाव मिटाओ। यही सामाजिक न्याय है, यही बाबा साहेब का संविधान है। हमें संस्कृति पर गर्व और बदलाव का साहस रखना चाहिए। हमें अपनी संस्कृति – योग, आयुर्वेद, संस्कृत, अतिथि सत्कार – पर गर्व करना चाहिए, पर साथ ही रूढ़ियों को छोड़ना भी चाहिए। महर्षि ने मूर्ति पूजा का विरोध नहीं, अंधी पूजा का विरोध किया। आज हमें भी सोचना है – पुरानी लकीर को पीटना नहीं, नई लकीर बनाना है।
निष्कर्ष: महर्षि को फूल चढ़ा देना, उनकी फोटो पर माला पहना देना आसान है। पर सच्ची श्रद्धांजलि वह नहीं, विचारांजलि है। यदि हम एक भी झूठ बोलना छोड़ दें, एक भी बच्चे को पढ़ा दें, हर एक नारी का सम्मान करें, एक भी पेड़ लगाएँ, एक भी अंधविश्वास को तोड़ दें – तो समझो हमने महर्षि को याद किया। महर्षि दयानन्द एक व्यक्ति नहीं, एक चेतना हैं। वे कोई बीता हुआ इतिहास नहीं, आने वाले भविष्य की क्रांति हैं। अंत में मुन्ना राम कहे – विचारों को अलमारी में बंद करके पूजा मत करो, विचारों को अपने चरित्र में उतारो। जब सत्य तुम्हारी वाणी में, शिक्षा तुम्हारे घर में, समानता तुम्हारे व्यवहार में और पर्यावरण तुम्हारे कर्म में दिखेगा, तभी महर्षि की आत्मा को शांति मिलेगी। यही महर्षि को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


– मुन्ना राम मेघवाल।
कोलिया, डीडवाना, राजस्थान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *