
आरोग्य और समृद्धि का दीप
कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी आई,
संग अपने खुशियां है लाई,
घर आँगन दीपावली मुस्काई।
हाथों में अमृत कलश लिए,
जग का कल्याण करने को,
प्रकट हुए देव धन्वंतरि, हर
मन का धीरज धरने को।
सोना-चांदी तो वैभव है,
असली धन तो सुंदर काया,
आरोग्य मिले जो जीवन में,
सबसे पावन उसकी छाया।
आज नमन उन वैद्यराज को,
जो जीवन का आधार बने,
जड़ी-बूटियों के अमृत से,
जो हर पीड़ा का सार बने।
प्रथम सुख निरोगी काया,
आयुर्वेद ये संदेश सुनाता है,
धन्वंतरि का यह पावन दिन,
स्वास्थ्य का पाठ पढ़ाता है।
बहती लक्ष्मी-कुबेर धारा,
वैभव का आशीष मिले,
मिटे दरिद्रता जीवन की,
हर चेहरे पर स्नेह खिले।
यमराज के निमित्त दीप जला,
अकाल मृत्यु का भय हरना,
सुख, शांति, समृद्धि से, प्रभु
आदित्य सबका जीवन भरना।
डॉ कर्नल आदिशंकर मिश्र
‘आदित्य’, ‘विद्यावाचस्पति’
‘विद्यासागर’, लखनऊ













