Uncategorized
Trending

दीपोत्सव : पाँच पर्वों का पंचरंगी उल्लास

धनतेरस से भाई दूज तक — संस्कृति, समृद्धि, स्नेह और संस्कारों का महापर्व
जब दीपों की स्वर्णिम आभा से, धरती का शृंगार होता है,
जब मंगलमय उल्लास लिए, हर आँगन में त्योहार होता है।
जब तम की सत्ता टूटती है, सद्भावों का संचार होता है,
तब समझो भारतभूमि पर, दीपोत्सव का अवतार होता है।
प्रथम दिवस — धनतेरस
धनतेरस का शुभागमन, लेकर मंगलकारी बेला,
धन्वंतरि के ज्ञान से जग में, स्वास्थ्य का उजियारा फैला।
धन केवल स्वर्ण-मुद्राएँ नहीं, सद्बुद्धि का भी भंडार हो,
तन निरोगी, मन संतोषी हो, जीवन में सुख अपार हो।
धन का सदुपयोग हो जग में, परहित का व्यवहार रहे,
लक्ष्मी का वास वहीं होता, जहाँ श्रम और सदाचार रहे।
द्वितीय दिवस — नरक चतुर्दशी (रूप चौदस)
दूसरे दिन रूप चौदस का, अनुपम संदेश निराला है,
अंतरमन के मैल को धोना, इसका भाव उजाला है।
रूप निखरता मुखमंडल से, यह भ्रम मन से दूर करो,
क्रोध, अहंकार, द्वेष, ईर्ष्या का, अंतर्मन से संहार करो।
सुंदरता तन की क्षणभंगुर है, मन का सौंदर्य महान है,
निर्मल अंतःकरण ही मानव की, सबसे बड़ी पहचान है।
तृतीय दिवस — दीपावली महापर्व
तीसरे दिन दीपावली का, अनुपम दृश्य सुहाता है,
दीपों की अविरल पंक्तियों से, नभ भी झिलमिलाता है।
चौदह वर्ष वनवास बिताकर, राम अयोध्या आए थे,
जन-जन ने दीप जलाकर, स्वागत के गीत सुनाए थे।
सीता-राम की पावन गाथा, धर्म-विजय का गान बने,
अधर्म, अन्याय और अहंकार पर, सत्य सदा बलवान बने।
लक्ष्मी-गणेश की पूजा हो, घर-घर मंगलगान रहे,
रिश्तों में अपनत्व घुले और, हर चेहरे पर मुस्कान रहे।
एक दीप उस घर में जलाना, जहाँ अभाव का डेरा है,
एक दीप उस मन में रखना, जो वर्षों से अँधियारा है।
मिठास बाँटना केवल मिष्ठान्नों तक सीमित मत रखना,
रूठे हुए संबंधों में भी, प्रेम का दीपक रख देना।
चतुर्थ दिवस — गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट
चौथे दिन गोवर्धन पूजा, प्रकृति-वंदना का पर्व महान,
गिरिराज धरण की गाथा में, छिपा हुआ है दिव्य ज्ञान।
इंद्रदर्प का मान मर्दन कर, कान्हा ने संदेश दिया,
प्रकृति और पर्यावरण का, मानव को उपदेश दिया।
अन्नकूट के भोग सजें, छप्पन भोगों की छटा निराली,
गौ-सेवा, गोवर्धन पूजा से, संस्कृति होती मतवाली।
धरती, जल, वन, पर्वत का हम, हर पल सम्मान करें,
प्रकृति से जो मिला हमें, उसका मिलकर गुणगान करें।
पंचम दिवस — भाई दूज
पाँचवें दिन भाई दूज का, पावन पर्व सुहाता है,
बहन के स्नेहिल आशीषों से, भाई का मस्तक मुस्काता है।
तिलक सजाकर बहन कहे—भैया, खुशियों से आबाद रहो,
जीवन की हर कठिन डगर पर, साहस से तुम साथ रहो।
भाई भी यह वचन निभाए, बहना का सम्मान करे,
उसके सपनों की खातिर भी, हर संभव प्रयास करे।
रिश्तों की इस पावन डोरी में, विश्वास सदा आबाद रहे,
भाई-बहन के प्रेम का दीपक, युगों-युगों तक याद रहे।
समापन — दीपोत्सव का वास्तविक संदेश
पाँच दिवस, पाँच भाव, पाँचों में संस्कृति का सार है,
कहीं आरोग्य, कहीं सौंदर्य, कहीं धर्म की जय जयकार है।
कहीं प्रकृति का वंदन है तो, कहीं रिश्तों का मान है,
दीपोत्सव भारत की आत्मा, संस्कारों की पहचान है।
आओ इस दीपावली पर कुछ, संकल्प नए अपनाएँ हम,
नफरत के हर अंधियारे को, मिलकर दूर भगाएँ हम।
भूखे को भोजन, प्यासे को जल, निर्धन को सम्मान मिले,
बुझते हुए किसी दीपक को, फिर से नया मुकाम मिले।
दीप जलें तो द्वार-द्वार पर, मन में भी उजियारा हो,
हर घर में खुशियों का सागर, हर चेहरे पर नूर न्यारा हो।
रामराज्य के आदर्शों से, भारत का संसार सजे,
प्रेम, शांति, सद्भाव, समरसता से, अपना हिंदुस्तान सजे।
दीपावली का अर्थ यही है, दीप जलें विश्वास के,
मिटें अँधेरे मन के सारे, दीप जलें सद्भाव के।
केवल घर-आँगन ही नहीं, अंतर्मन भी जगमग हो,
मानवता के महापर्व पर, हर जीवन मंगलमय हो।
शुभ दीपावली! मंगलमय दीपोत्सव!

धर्मेंद्र कुमार राठौर ‘कलमकार’
व्याख्याता भौतिक विज्ञान
झालावाड़, राजस्थान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *