Uncategorized
Trending

प्रज्ञा का तू पारावार दे माँ

विषय : सरस्वती माँ प्रार्थना

हे सरस्वती माँ, हे सरस्वती माँ !
प्रज्ञा का तू पारावार दे माँ ।

मैं हूँ अनाड़ी और मैं हूँ अज्ञानी
तू है दयालु और तू है दानी
ज्ञान की मुझको पतवार दे माँ।हे..।

हे वीणापाणि, हे हंसवाहिनी !
धवल वस्त्र धारिणी, तू ज्ञान दायिनी
वीणा की अपने झंकार दे माँ। हे ..।

विद्या प्रदायिनी, तू सुर की देवी
बुद्धि की दाता, हे शारदे माता
सुर, ताल, लय का उपहार दे माँ । हे..।

देश के हित नव सृजन करूँ मैं
दीनों पर सुख की वर्षा करूँ मैं
तानसेन सदृश मेघ मल्हार दे माँ। हे..।

मिटाऊँ मैं सारी दुनिया की लाचारी
मुझे देख पुलकित हो वसुधा ये सारी
मुझे तो रस,छंद,अलंकार दे माँ । हे..।

सृष्टि के हित में तराने मैं गाऊँ
बन सूर,तुलसी;राम-राधे को ध्याऊँ
मेरी लेखनी में ऐसी धार दे माँ । हे..।


डॉ नागेन्द्र त्रिपाठी
गाजियाबाद/वाराणसी उत्तर प्रदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *