
मोहब्बत के गुलालों से नया एक सिलसिला कर दें,
चलो हम आज नफ़रत को दिलों से अलविदा कर दें।
पुरानी रंजिशें सारी हवा में घोल देते हैं,
अदावत के हर एक पन्ने को आज हम जुदा कर दें।
तुम्हारे गाल पर गुलाल की लाली सजी देखो,
हँसी की गूँज से इस फ़िज़ा को भी खुशनुमा कर दें।
न कोई गैर हो अपना, न कोई फासला बाकी,
गले लगकर हर एक शिकवे को आज हम फना कर दें।
न रंगों का कोई मज़हब, न खुशबू की कोई सरहद,
चलो इस होली पर हम प्यार को ही बस खुदा कर दें।
रीना पटले, शिक्षिका
जिला सिवनी मध्यप्रदेश










