
पिछले तीन-चार दिनों से एक समाचार बार-बार मन को विचलित कर रहा है। एक ही प्रश्न बार-बार मन में उठता है—आखिर क्यों?
उस मासूम युवक का आखिर दोष क्या था? कोई व्यक्ति ऐसा भयावह निर्णय लेने तक कैसे पहुँच जाता है? आखिर ऐसी परिस्थितियाँ क्यों बनती हैं कि किसी की पूरी ज़िंदगी एक पल में उजड़ जाती है?
ऐसी घटनाएँ केवल एक परिवार का दर्द नहीं होतीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी होती हैं। इसलिए हमें केवल किसी एक व्यक्ति को दोषी ठहराने के बजाय उन कारणों पर भी विचार करना चाहिए, जो ऐसी त्रासदियों को जन्म देते हैं।
मेरा मानना है कि माता-पिता की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जब वे अपने बच्चों के विवाह की बात आगे बढ़ाते हैं, तो सबसे पहले उनका यह दायित्व बनता है कि वे अपने बेटे या बेटी की भावनाओं को पूरी ईमानदारी से समझें। क्या वह इस रिश्ते के लिए मानसिक रूप से तैयार है? क्या उसके मन में पहले से किसी और के लिए भावनाएँ हैं? क्या वह इस निर्णय से सहमत है? इन प्रश्नों के उत्तर जाने बिना किसी और के परिवार के सामने रिश्ता रखना उचित नहीं है।
माता-पिता को अपने बच्चों के साथ ऐसा विश्वासपूर्ण और मित्रवत संबंध बनाना चाहिए कि वे बिना किसी डर या संकोच के अपने मन की हर बात उनसे साझा कर सकें। रिश्ते जीवनभर का निर्णय होते हैं; इसलिए उन्हें किसी पर थोपना नहीं, बल्कि आपसी समझ, सम्मान और सहमति से तय करना चाहिए। समय बदल चुका है और बदलते समय के साथ हमारी सोच और संवाद का तरीका भी बदलना आवश्यक है।
साथ ही, कानून का कठोर और प्रभावी होना भी उतना ही आवश्यक है। ऐसे जघन्य अपराधों पर शीघ्र और सख्त कार्रवाई हो, ताकि कोई भी व्यक्ति ऐसा कदम उठाने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हो।
आइए, हम सब मिलकर ऐसा समाज बनाने का प्रयास करें जहाँ रिश्ते विश्वास, संवाद और सम्मान की नींव पर खड़े हों, और किसी निर्दोष को किसी और की गलतियों की कीमत अपनी जान देकर न चुकानी पड़े।
मंजू अशोक राजाभोज
भंडारा (महाराष्ट्र)













