Uncategorized
Trending

छठ पूजा – आस्था का पर्व

तीसरा दिन – संध्या अर्घ्य

कार्तिक मास की षष्ठी आई, छाई अनुपम छटा,
डूबते सूरज को अर्घ्य देने, उमड़ा जनसमूह बड़ा।

सज गई घाटों की रौनक, दीपों की जगमग ज्योति,
भक्ति भाव से गूँज उठी है, छठी मैया की स्तुति।

सूप सजाकर फल-फूलों से, ठेकुआ का प्रसाद,
श्रद्धा लेकर व्रती खड़े हैं, मन में शुभ संवाद।

छत्तीस घंटे निर्जल रहकर, करते कठिन उपवास,
अटूट आस्था और संयम से, रखते माँ पर विश्वास।

जल में खड़े उपासक सारे, सूर्यदेव को नमन करें,
परिवार की सुख-समृद्धि का, मंगलमय चिंतन करें।

डूबते रवि को अर्घ्य चढ़ाकर, माँ से अरदास लगाते,
संतान सुख और आरोग्य का, पावन आशीष पाते।

लोकगीतों की मधुर स्वर-लहरी, वातावरण सजाती,
माँ के चरणों में हर श्रद्धा, अपना शीश झुकाती।

न ऊँच-नीच, न भेदभाव है, सबका एक विधान,
छठ महापर्व सिखलाता है, सेवा, श्रद्धा, सम्मान।

अस्ताचलगामी सूर्य को, श्रद्धा से शीश नवाएँ,
उषा काल के अर्घ्य हेतु, नई उम्मीदें जगाएँ।


डॉ सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *